बांग्लादेश के खिलाफ रन आउट होने के बाद सलमान अली आगा ने गुस्सा दिखाया था। इस वजह से आईसीसी ने उनके खिलाफ एक्शन लिया है। मैच रेफरी ने इसकी जानकारी दी है।
बांग्लादेश के खिलाफ आगा का विवादित रन आउट
बांग्लादेश के खिलाफ ढाका में खेले गए दूसरे वनडे मैच में सलमान अली आगा अजीबोगरीब तरीके से आउट हुए थे। बांग्लादेश के कप्तान मेंहदी हसन मिराज ने उन्हें रन आउट किया था। इसके बाद आगा से अपना गुस्सा दिखाया था। वे मैदान पर कुछ कहते हुए दिखाई दिए थे और फिर बाहर अपने दस्ताने-हेलमेट को जमीन पर गुस्से में आकर फेंक दिया था।आगा के गुस्से की वजह से अब आईसीसी ने उनके खिलाफ एक्शन लिया है। मैच रेफरी ने उनके ऊपर आईसीसी की आचार संहिता का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है। इसी वजह से मैच रेफरी नीयामुर रशीद ने आगा को फटकार लगाई है। पाकिस्तानी क्रिकेट के रन आउट के बाद विवाद सामने आया था। कई पूर्व पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने इसे खेल भावना के खिलाफ बताया था। हालांकि, आगा का गुस्सा उन्हें भारी पड़ा और मैच रेफरी ने फटकार लगाई है।

सलमान अली आगा को लगी फटकार
रन आउट होने के बाद आगा ने गुस्से में हेलमेट और अपने दस्ताने फेंके थे। इसके बाद उनके ऊपर क्रिकेट उपकरण के दुरुपयोग करने का आरोप लगा। सलमान को आईसीसी के अनुच्छेद 2.2 के तहत लेवल 1 का अपराधी पाया गया। इसमें क्रिकेट उपकरण और कपड़ों के दुरुपयोग या उन्हें क्षति पहुंचाना शामिल है। इसी के तहत आगा को फटकार लगाई गई है। मैच रेफरी नीयामुर ने आगा को फटकार लगाते हुए एक डिमेरिट प्वाइंट दिया है
नीयामुर ने दी जानकारी
डेली स्टार बांग्लादेश से बात करते हुए नीयामुर ने कहा, “ये घटना मैदान छोड़ते समय क्रिकेट उकरणों के दुरुपयोग से संबंधित थी। आगा का इस तरह के व्यवहार का कोई पिछला रिकॉर्ड नहीं है। इसलिए हमने उन्हें फटकार लगाई है और और एक डिमेरिट प्वाइंट दिया है। निर्णय लेते समय हमने निष्पक्षता को बनाए रखा है। बांग्लादेशी खिलाड़ियों और आगा के बीच मैदान पर तीखी बहस हुई थी लेकिन इसको लेकर कोई आरोप नहीं लगाया जाएगा। ये एक गलतफहमी थी और हमने इसकी रिपोर्ट आईसीसी को पहले ही सौंप दी है।”
सलमान आगा का विवादित रन आउट
सलमान आगा पाकिस्तान की पारी के 39वें ओवर में विवादित तरीके से रन आउट हुए। बांग्लादेश के लिए कप्तान मिराज गेंदबाजी कर रहे थे और मोहम्मद रिजवान स्ट्राइक पर थे। रिजवान ने हल्के हाथ से गेंद को खेला और बॉल नॉन स्ट्राइकर की तरफ गई। मिराज ने गेंद को रोकने की कोशिश की लेकिन वे आगा से टकरा गए। इसके बाद आगा खुद गेंद उठाकर मिराज को देने लगे लेकिन वे भूल गए कि क्रीज के बाहर खड़े हैं। बांग्लादेशी कप्तान ने उन्हें रन आउट कर दिया और इसके बाद ये मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।