रामगोपाल वर्मा ने नेटिजंस के उस दावे पर रिएक्ट किया है, जिसमें कहा गया कि ‘धुरंधर’ उनकी फिल्म ‘सत्या’ से प्रेरित है। रामगोपाल वर्मा ने भी यह बात मानी और कहा कि आदित्य धर ने उनसे कहा था कि मैंने ‘सत्या’ और ‘कंपनी’ मिलाकर फिर उसमें देशभक्ति डाली और ‘धुरंधर’ बना दी।

इस वक्त हर तरफ ‘धुरंधर: द रिवेंज’ का ही डंका बज रहा है। दिसंबर 2025 में ‘धुरंधर’ ने जो गर्दा उड़ाया था, वह अभी तक शांत नहीं हुआ है। दूसरे पार्ट की रिलीज से पहले ही पहला पार्ट भी एक बार फिर थिएटर्स में दस्तक दे चुका है। ‘धुरंधर’ रिलीज के वक्त से ही फैंस के बीच ‘पीक डिटेलिंग’ को लेकर सुर्खियों में है। इसके एक-एक सीन का फैंस ने पोस्टमार्टम कर डाला है और सारे तार जोड़कर नई-नई थ्योरी और कनेक्शन ढूंढ निकाले। कुछ दिनों पहले एक वीडियो क्लिप वायरल हुआ था, जिसमें ‘धुरंधर’ और ‘सत्या’ के कुछ सीन्स दिखाए गए थे। दावा किया गया था कि ‘धुरंधर’ रामगोपाल वर्मा की फिल्म ‘सत्या’ से प्रेरित है। वहीं रहमान डकैत के किरदार को मनोज बाजपेयी के भीकू म्हात्रे के किरदार जैसा बताया गया था। अब इस पर रामगोपाल वर्मा ने रिएक्ट किया है। उन्होंने माना कि ‘धुरंधर’ उनकी ही फिल्मों से प्रेरित है और खुद आदित्य धर ने भी उनसे यही बात कही थी।
‘सत्या’ से प्रेरित है ‘धुरंधर’? रामगोपाल वर्मा ने बताया
रामगोपाल वर्मा रेड लॉरी फिल्म फेस्टिवल में मौजूद थे, जहां उन्होंने अपनी कल्ट क्लासिक फिल्म ‘शिवा’ पर चर्चा की। सेशन के बाद, ‘डीएनए’ को दिए इंटरव्यू में जब रामगोपाल वर्मा से पूछा गया कि सोशल मीडिया पर यूजर्स ने ‘धुरंधर’ को उनकी फिल्म ‘सत्या’ की नकल बताया था, इस पर क्या कहेंगे, तो वह बोले, ‘ देखिए, आदित्य धर ने जानबूझकर किया है या नहीं, लेकिन आखिरकार सभी फिल्ममेकर्स किसी न किसी ऐसी चीज की ओर लौटते हैं, जिसे उन्होंने देखा है या जिससे उन्हें प्रेरणा मिली है, और वो उससे प्रभावित होते ही हैं।’
‘आदित्य ने कहा कि मैं ‘सत्या’ और ‘कंपनी’ से प्रभावित था’
रामगोपाल वर्मा ने फिर कहा कि उनकी क्लासिक फिल्में भी कुछ ब्लॉकबस्टर्स से प्रेरित थीं। वह बोले, ‘मेरे लिए ‘शिवा’ ब्रूस ली की ‘रिटर्न ऑफ द ड्रैगन’ और सनी देओल की ‘अर्जुन’ से प्रेरित थी। ‘सत्या’ में ‘द गॉडफादर’ और The Goodfellas का थोड़ा-थोड़ा असर था। इसी तरह, जब मैंने आदित्य से बात की, तो उन्होंने मुझे बताया कि मैं ‘सत्या’ और ‘कंपनी’ से प्रभावित था। फिर मैंने दोनों को मिलाया और उसमें थोड़ी सी देशभक्ति मिला दी। यह उनका पहला आइडिया था।’