पाकिस्तान के लिए दो बार बतौर कप्तान आईसीसी ट्रॉफी जीतने वाले सरफराज अहमद ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। इस खिलाड़ी ने दोनों बार फाइनल में भारत को हराकर ही टीम को चैंपयन बनाया था। अब सरफराज जल्द ही हेड कोच के रूप में नजर आ सकते हैं।

पाकिस्तान के लिए तीनों फॉर्मेट मिलाकर 100 मैचों में कप्तानी करने वाले खिलाड़ी ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है। पाकिस्तान को अंडर 19 वर्ल्ड कप 2006 और 2017 चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब अपनी कप्तानी में जिताने वाले सरफराज अहमद ने इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया है। उन्होंने दोनों बार फाइनल में भारत को हराकर पाकिस्तानी टीम को आईसीसी चैंपियन बनाया था।सरफराज ने अपना आखिरी इंटरनेशनल मैच दिसंबर 2023 में खेला था। वह आखिरी बार पाकिस्तान के लिए मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पर्थ में टेस्ट मैच खेलने उतरे थे। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने अपने बयान में उनके रिटायरमेंट की आधिकारिक जानकारी दी। पीसीबी के सूत्रों की मानें तो इस ऐलान से सरफराज अहमद अब पाकिस्तान की नेशनल टीम के हेड कोच बन सकते हैं। पहले ही यह खबर आ चुकी थी कि सरफराज को टेस्ट टीम के हेड कोच का ऑफर मिला है।
सरफराज अब पाकिस्तान टेस्ट टीम के बनेंगे हेड कोच?
आपको बता दें कि पाकिस्तान की रेड बॉल टीम में नियमित हेड कोच की कुर्सी खाली है। अजहर महमूद को कुछ समय पहले अंतरिम हेड कोच टेस्ट टीम का बनाया गया था। अब सूत्र ने बताया कि बोर्ड महमूद से आगे बढ़ते हुए सरफराज अहमद के साथ लंबा भविष्य देख रहा है। सरफराज ने बतौर प्लेयर तो खेलना छोड़ ही दिया था। हाल ही में एशिया कप राइजिंग स्टार्स में वह पाकिस्तान शाहीन्स के मेंटोर और मैनेजर थे।
उस टूर्नामेंट में सरफराज की गाइडेंस में पाकिस्तान की युवा टीम ने फाइनल में भारत को हराया था। वहां भी उनके नाम की काफी चर्चा हुई थी। अब आधिकारिक तौर पर उनका रिटायरमेंट हो चुका है और वह नए रोल के लिए तैयार हैं। हालांकि, पिछले साल तक वह घरेलू क्रिकेट खेल रहे थे। फिर उन्हें राष्ट्रीय चयन समित का सदस्य भी बनाया गया था। अब उन्होंने अपने अंतर्राष्ट्रीय करियर को अलविदा कह दिया है।
अपने बयान में सरफराज अहमद ने कहा,”मैं पाकिस्तान के लिए तीनों फॉर्मेट में कप्तानी करने की बात सपने में भी नहीं सोच सकता था। उसके बाद 2006 में अंडर 19 वर्ल्ड कप और 2017 में चैंपियंस ट्रॉफी जीतना मेरे लिए कभी नहीं भूलने वाले लम्हें हैं।” उन्होंने पाकिस्तान के लिए 54 टेस्ट, 117 वनडे और 61 टी20 इंटरनेशनल खेले थे।