टीम इंडिया के पूर्व बैटिंग कोच ने आईपीएल 2026 के लिए सीएसके के टॉप बैटर्स का चयन किया और संजू सैमसन को इस नंबर पर रखा।

संजू सैमसन आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते हुए नजर आएंगे, लेकिन वो ओपन करेंगे या किसी और क्रम पर खेलेंगे इसको लेकर कई तरह की बातें सामने आ रही है। कई क्रिकेट एक्सपर्ट संजू सैमसन की बैटिंग पोजिशन को लेकर बातें कर रहे हैं और अब टीम इंडिया के पूर्व बैटिंग कोच संजय बांगड़ ने भी इस पर अपनी बात रखी।
संजय बांगड़ का मानना है कि विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन आईपीएल के इस सीजन में सीएसके के लिए तीसरे नंबर पर बैटिंग करेंगे। संजू सैमसन इस वक्त बेस्ट फॉर्म में हैं और उन्होंने अपनी तीन बेहतरीन पारियों के दम पर भारत को टी20 वर्ल्ड चैंपियन बनाने में मदद की थी। सीएसके ने संजू को इस सीजन से पहले राजस्थान के साथ ट्रेड डील के जरिए अपने साथ शामिल किया था।
संजू को बैटिंग के लिए तीसरे नंबर पर आना चाहिऐ
स्टार स्पोर्टस के साथ बातचीत में संजय बांगड़ ने सुझाव दिया कि चेन्नई के लिए इस सीजन में पारी की शुरुआत कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ और आयुष म्हात्रे को करनी चाहिए और उनके बाद तीसरे नंबर पर संजू सैमसन को बैटिंग के लिए आना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऋतुराज गायकवाड़ को हमेशा टॉप पर बैटिंग करनी चाहिए। पिछले साल उन्होंने ऋतुराज और डेवोन कॉनवे को अलग करने की कोशिश की थी ताकि सभी बेहतरीन बैटर टॉप पर ना आ जाएं, लेकिन यह तरीका काम नहीं आया। ऋतुराज ने एक ओपनर के तौर पर अपना सबसे बेहतरीन क्रिकेट खेला है।
बांगड़ ने आगे कहा कि ऋतुराज और आयुष ओपन कर सकते हैं। मैं संजू सैमसन को नंबर 3 पर, डेवाल्ड ब्रेविस को नंबर 4 पर और शिवम दुबे या कार्तिक शर्मा में से किसी एक को नंबर 5 पर देखता हूं। इस टीम की बैटिंग लाइनअप में काफी ताकत है। बांगड़ ने सीएसके की गेंदबाजी पर भी अपने विचार रखे। उन्होंने सुझाव दिया कि राहुल चाहर, नूर अहमद के साथ मिलकर नियमित रूप से स्पिन गेंदबाजी कर सकते हैं जिससे टीम के लिए एक मजबूत और संतुलित गेंदबाजी यूनिट तैयार हो सकेगी।
आईपीएल 2026 के लिए सीएसके की टीम
ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), एमएस धोनी, संजू सैमसन, शिवम दुबे, डेवाल्ड ब्रेविस, आयुष म्हात्रे, कार्तिक शर्मा, सरफराज खान, उर्विल पटेल, अंशुल कंबोज, खलील अहमद, नूर अहमद, जेमी ओवर्टन, रामकृष्ण घोष, प्रशांत वीर, मैथ्यू विलियम शॉर्ट, अमन खान, जैक फॉल्क्स, मुकेश चौधरी, नाथन एलिस, श्रेयस गोपाल, गुरजापनीत सिंह, अकील होसेन, मैट हेनरी, राहुल चाहर।