संजू सैमसन ने 177 मैचों में 3383 गेंदों पर बनाए हैं 4704 रन, IPL 2026 में तोड़ देंगे गेल, रसेल-पोलार्ड के यह रिकॉर्ड

संजू सैमसन अब आईपीएल 2026 में सीएसके के लिए खेलते हुए नजर आएंगे। इस सीजन में संजू सैमसन के पास क्रिस गेल, आंद्रे रसेल, किरोन पोलार्ड जैसे खिलाड़ियों का रिकॉर्ड तोड़ने का शानदार मौका होगा।

टीम इंडिया के धाकड़ विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन आईपीएल 2026 में सीएसके का प्रतिनिधित्व करने के लिए तैयार हैं। एमएस धोनी के रहते वो इस टीम में विशुद्ध बल्लेबाजी की भूमिका निभाते नजर आ सकते हैं। संजू इस सीजन में सीएसके के लिए ओपन करते हुए नजर आ सकते हैं और इस बार उनके पास क्रिस गेल, आंद्रे रसेल और किरोन पोलार्ड का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ने का मौका होगा।

संजू सैमसन बना चुके हैं 3383 गेंदों पर 4704 रन

संजू सैमसन ने आईपीएल में अब तक 177 मैच खेले हैं और इन मैचों के दौरान उन्होंने 3383 गेंदों का सामना किया है। इन गेंदों पर उन्होंने 4704 रन बनाए हैं और संजू ने अब तक 3 शतक व 26 अर्धशतक भी लगाए हैं। संजू ने आईपीएल में अब तक कुल 379 चौके और 219 छक्के भी लगाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट आईपीएल में 139.04 का रहा है जबकि जबकि औसत 30.94 का रहा है। आईपीएल में संजू सैमसन का बेस्ट स्कोर अब तक 119 रन रहा है।

संजू के पास क्रिस गेल को पीछे छोड़ने का मौका

संजू सैमसन ने अब तक आईपीएल में 4704 रन बनाए हैं और वो आईपीएल 2026 में जैसे ही 262 रन बना लेंगे वो रन बनाने के मामले में क्रिस गेल से आगे निकल जाएंगे। क्रिस गेल ने आईपीएल में 142 मैचों में 4965 रन बनाए थे। यही नहीं संजू सैमसन अगर आईपीएल 2026 में 296 रन बना लेते हैं तो वो इस लीग में 5000 रन का आंकड़ा भी छू लेंगे। इसके अलावा वो आईपीएल में 5000 रन बनाने 10वें बल्लेबाज भी बन जाएंगे।

पोलार्ड-आंद्रे रसेल का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं संजू सैमसन

संजू सैमसन ने आईपीएल में अब तक खेले 177 मैचों में कुल 219 छक्के लगाए हैं। आईपीएल 2026 में वो जैसे ही 5 छक्के लगाएंगे वो एक साथ आंद्रे रसेल और किरोन पोलार्ड का रिकॉर्ड तोड़ देंगे। आईपीएल में आंद्र रसेल और किरोन पोलार्ड ने अब तक कुल 223-223 छक्के लगाए थे। इसके अलावा संजू अगर इस सीजन में 18 छक्के लगाते हैं तो वो डेविड वार्नर से आगे निकल जाएंगे जिन्होंने इस लीग में कुल 236 छक्के लगाए थे।

 

1 thought on “संजू सैमसन ने 177 मैचों में 3383 गेंदों पर बनाए हैं 4704 रन, IPL 2026 में तोड़ देंगे गेल, रसेल-पोलार्ड के यह रिकॉर्ड”

Leave a Comment