टीम इंडिया के पूर्व ओपनर ने कहा कि हार्दिक पंड्या को खुद ही मुंबई की कप्तानी छोड़ देनी चाहिए और मैनेजमेंट से कहना चाहिए कि इस खिलाड़ी को कप्तान बना दें। इस मामले को आंतरिक तौर पर ही निपटाया जा सकता है।

मुंबई इंडियंस की नजर इस बार यानी आईपीएल 2026 में छठी बार चैंपियन बनने पर होगी, लेकिन इस सीजन में एक बड़ा कमाल होगा। दरअसल इस टीम में दो टी20 विश्व कप विजेता कप्तान होंगे और वो हार्दिक पंड्या की कप्तानी में खेलेंगे यानी रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव हार्दिक की कप्तानी में खेलते हुए नजर आएंगे।
हार्दिक पंड्या साल 2024 में मुंबई के कप्तान बने थे और उन्होंने रोहित शर्मा की जगह ली थी, लेकिन इस सीजन में मुंबई की टीम अंकतालिका में सबसे नीचे रही थी। स्टार खिलाड़ियों से भरी मुंबई की टीम ने अपने प्रदर्शन को आईपीएल 2025 में सुधारा और टीम प्लेऑफ में पहुंची, लेकिन फाइनल खेलने से चूक गई।
सूर्यकुमार को देनी चाहिए कप्तानी
मुंबई की टीम पिछले 5 सीजन से आईपीएल फाइनल में नहीं पहुंच पाई है और अब भारत के पूर्व ओपनर श्रीकांत का मानना है कि मुंबई टीम की कप्तानी का बागडोर भारत के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव को सौंप देनी चाहिए। श्रीकांत ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि ये एक अजीब स्थिति है। हार्दिक पंड्या अच्छे कप्तान हैं, लेकिन हां अब उनके नेतृत्व में दो ऐसे कप्तान खेल रहे हैं जिन्होंने टी20 वर्ल्ड कप जीता है। ये उनके सेटअप की कोई अंदरूनी रणनीति है जिसे उन्हें खुद ही सुलझाना होगा।
सूर्यकुमार के लिए हार्दिक छोड़ दें कप्तानी
श्रीकांत ने आगे कहा कि बाहर से देखने पर मुंबई की कप्तानी के लिए सबसे अच्छे विकल्प सूर्यकुमार यादव लगते हैं, लेकिन हो सकता है कि ये इस फ्रेंचाइजी की कोई नीति हो। भारत के पूर्व कप्तान ने कहा कि हार्दिक खुद ही इस स्थिति को सुलझा सकते हैं अगर वह सूर्यकुमार के लिए कप्तानी छोड़ दें। सूर्यकुमार ने अभी तक आईपीएल में किसी भी फ्रेंचाइजी की पूरी तरह से कप्तानी नहीं की है। वहीं मुंबई के कप्तान के तौर हार्दिक का प्रदर्शन भले ही औसत रहा हो, लेकिन उन्होंने 2022 में गुजरात टाइटन्स को उनके पहले ही सीजन में खिताब दिलाया था। एक कप्तान के तौर पर उनका रिकॉर्ड शानदार है और उन्होंने 60 में से 35 मैच जीते हैं।
हार्दिक को खुद कप्तानी से करना चाहिए मना
श्रीकांत ने आगे कहगा कि ये एक अजीब स्थिति है क्योंकि हार्दिक ने रोहित और सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में खेलकर भारत को टी20 वर्ल्ड कप जिताया था। ऐसे में हार्दिक को खुद ही कप्तानी से मना कर देना चाहिए और सूर्या को टीम की कमान संभालने की जिम्मेदारी देनी चाहिए। अगर हार्दिक खुद मैनेजमेंट से यह बात कह देते हैं तो मामला सुलझ जाएगा। उन्हें कहना चाहिए कि सूर्या को कप्तानी करने दो और मैं उनका साथ दूंगा और इसे सुलझाने का एक तरीका यही है।