आईपीएल 2026 से पहले पूर्व भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह ने बताया कि हार्दिक पंड्या की कप्तानी में मुंबई इंडियंस आईपीएल 2026 टाइटल की दावेदार है या नहीं।

हार्दिक पंड्या की कप्तानी में मुंबई इंडियंस आईपीएल 2026 में उतरने के लिए पूरी तरह से तैयार है। हार्दिक पिछले 2 साल से मुंबई की कप्तानी कर रहे हैं, लेकिन वो इस टीम को चैंपियन नहीं बना पाए हैं। मुंबई इस लीग की सबसे सफल टीमों में से एक है जिसके नाम 5 खिताब हैं, लेकिन इस बार इस टीम की जीत की कितनी संभावना है साथ ही क्या ये टीम खिताब जीतने की दावेदार है इसके बारे में हरभजन सिंह ने बताया।
कागजों में मुंबई इंडियंस खिताब की दावेदार
हरभजन सिंह ने स्टार स्पोर्ट्स पर बात करते हुए कहा कि देखिए ऑन पेपर आप मुंबई इंडियंस टीम को देखेंगे तो आप कहेंगे कि ये टीम बिल्कुल आईपीएल 2026 टाइटल की दावेदार है। मुंबई इंडियंस की जिस तरह की बल्लेबाजी है और हार्दिक पंड्या की जिस तरह की फॉर्म है। रोहित शर्मा अब रेगुलर नहीं खेल रहे हैं, फिर भी उनसे बहुत सारी उम्मीदें रहती है। रेयान रिकेल्टन अभी-अभी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अच्छा खेलकर आए हैं तो वहीं क्विंटन डिकॉक भी शानदार लय में हैं।
नाम बड़े, लेकिन दर्शन छोटे
भज्जी ने मुंबई की बल्लेबाजी लाइनअप के बारे में आगे कहा कि रदरफोर्ड भी अच्छा करके आए हैं, जबकि सूर्यकुमार यादव इतना जबरदस्त खेलते हैं तो इस टीम पर आप निगाह डालोगे तो ऐसा लगता है कि हां, इनके साथ मैच है तो मुश्किल होगा इस टीम को हराना पर क्या ये टीम अपने उस लहजे से खेलेगी ये एक बड़ा चैलेंज होगा यही हार्दिक पंड्या के लिए भी पिछले दो साल से चैलेंज रहा है। नाम बहुत बड़े-बड़े थे टीम में, लेकिन दर्शन वैसा रहा नहीं है।
बेहतर लीडर के तौर पर दिखेंगे हार्दिक पंड्या
पूर्व भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह ने आगे कहा कि उम्मीद करते हैं कि इस साल ये टीम अच्छा खेलेगी। हार्दिक पंड्या बेहतर लीडर नजर आएंगे और हमने गुजरात टाइटंस के लिए जो उन्हें करते हुए देखा था वो यहां पर वैसा नहीं कर पाए हैं। उम्मीद करते हैं कि हार्दिक पंड्या इस बार वो कमांड लेंगे और बल्ले व गेंद के साथ वो खुद एक लीडर के तौर पर एक अच्छा एग्जांपल पेश करेंगे।